फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर लाखों की ठगी करने वाला शातिर कोटद्वार पुलिस ने तमिलनाडु से किया गिरफ्तार, फरार रुक्कू की तलाश को दबिश जारी

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर कोटद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 मई 2024 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर शिकायत की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी वीडियो एडिट कर अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर 3 लाख 54 हजार की ठगी की। तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में धारा 420 भादवि बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्य संकलन और सटीक सुरागरसी के आधार पर मामले में संलिप्त अभियुक्त पवन निवासी गुरदासपुर, पंजाब को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान एक अन्य अभियुक्त रुक्कू की संलिप्तता भी प्रकाश में आई, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी को गंभीरता से लेते हुए उस पर 5 हजार का इनाम घोषित किया और विशेष टीम गठित कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर अभियुक्त को तमिलनाडु राज्य से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त बेहद शातिर किस्म का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और किसी भी अनजान व्यक्ति को धनराशि हस्तांतरित करने से बचें।

You cannot copy content of this page