शिवालिक नगर में चोरी का खुलासा, सगे भाई गिरफ्तार, चांदी की मूर्तियां, मोबाइल और साइकिल बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर के जे-कलस्टर स्थित दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी की मूर्तियां, मोबाइल फोन और साइकिल बरामद की गई है।

पहली घटना में 26 फरवरी 2026 को जे-97 शिवालिक नगर निवासी रंजीत झा के घर की दीवार फांदकर अज्ञात चोरों ने मंदिर में रखी गणेशजी व लक्ष्मीजी की चांदी की मूर्तियां तथा चौकीदार का की-पैड मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। इस संबंध में 27 फरवरी 2026 को कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 64/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी दिन जे-67 शिवालिक नगर निवासी रविकांत गुप्ता के घर से अज्ञात चोरों द्वारा साइकिल चोरी कर ली गई थी, जिसके आधार पर दूसरा मामला दर्ज किया गया।

दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में रानीपुर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न सुराग जुटाए। बीते रोज चेकिंग के दौरान इन्द्रलोक कॉलोनी की ओर से आने वाले कच्चे रास्ते पर दो संदिग्धों को रोका गया। पूछताछ और तलाशी में उनके पास से दोनों मामलों में चोरी किया गया सामान बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ डी.के. (26 वर्ष) और राजू कुमार (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई हैं और मूल रूप से ग्राम कसियारा, थाना चरथावल, जनपद मुजफ्फरनगर (उ.प्र.) के निवासी हैं। वर्तमान में दोनों अन्नेकी हेतमपुर, थाना सिडकुल क्षेत्र, हरिद्वार में रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए सामान को वे सस्ते दामों में राहगीरों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर पहले से लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वे हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए थे।

बरामदगी में दो सफेद धातु की लक्ष्मीजी व गणेशजी की मूर्तियां, एक मोबाइल फोन और एक साइकिल शामिल है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष राणा, उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल मंजीत राणा, कांस्टेबल दीप गौड़, कांस्टेबल गम्भीर तोमर और कांस्टेबल सुमन डोबाल शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

You cannot copy content of this page