तुलसी चौक से अपहृत दो वर्षीय बच्ची 4 घंटे में सकुशल बरामद, पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में बीती रात तुलसी चौक स्थित फुटपाथ से अपहृत की गई दो वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने मात्र चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार दबाव के चलते अपहरणकर्ता बच्ची को ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने स्वयं पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग शुरू कर दी। उन्होंने सिटी कोतवाली पुलिस, एएचटीयू (AHTU) और सीआईयू (CIU) हरिद्वार की कुल पांच संयुक्त टीमें गठित कर तत्काल बच्ची की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश पर जनपद के सभी संवेदनशील स्थानों, बॉर्डर क्षेत्रों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर विशेष सतर्कता बरती गई। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संभावित रूटों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
मैन्युअल पुलिसिंग और तकनीकी जांच के समन्वित प्रयासों के चलते पुलिस को अहम सुराग मिले। लगातार बढ़ते पुलिस दबाव के कारण कथित अपहरणकर्ता बच्ची को ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के समीप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और परिजनों को सौंप दिया। मासूम के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस द्वारा मामले में प्रभावी धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर अपहरणकर्ता की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय रूप से दबिश दे रही हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मासूमों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




ऑपरेशन प्रहार: पौड़ी गढ़वाल निवासी समेत 30 कालनेमि ढोंगी बाबा हरिद्वार में गिरफ्तार 


