एसएसपी के कड़े नेतृत्व में एक के बाद एक नशा तस्कर पर पुलिस का शिकंजा, अब सिडकुल में स्मैक समेत युवक गिरफ्तार

खबर डोज, हरिद्वार। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने एक युवक को 5.31 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 को मुखबिर खास से सूचना मिली कि सिडकुल स्थित राठौर प्लाजा के सामने जाने वाली सड़क पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसके पास मादक पदार्थ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 5.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान मुनीर पुत्र शमशाद, निवासी नगला इमरती, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना सिडकुल में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बबलू चौहान, कांस्टेबल विरेन्द्र चौहान और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







