12 हजार की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस ने गिरफ्तार किया निरीक्षक, विभाग में मचा हड़कंप

खबर डोज, उत्तराखंड। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक आम के पेड़ों को काटने की अनुमति देने के बदले 12 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से 16 आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने अनुमति देने के एवज में 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने गुरुवार 9 अप्रैल को आरोपी निरीक्षक को उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस की इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







