कौन है देहरादून जिले के रायवाला थाने का गालीबाज ‘चंद्र’, जो राह चलते लोगों को देता है गालियां?

खबर डोज, देहरादून। प्रदेश की पुलिस इन दिनों मारपीट और गाली-गलौज से जुड़े मामलों को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी हुई है। कहीं आम नागरिकों से बदसलूकी के वीडियो वायरल हो रहे हैं तो कहीं पुलिसकर्मियों के अमर्यादित व्यवहार ने खाकी की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामला देहरादून जनपद के रायवाला थाना क्षेत्र से सामने आया है। आरोप है कि रायवाला क्षेत्र स्थित नेपाली फार्म चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी राह चलते लोगों से गाली गलौज करता है। अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है जिससे पुलिस विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ही कानून के रक्षक की जगह कानून तोड़ने जैसा व्यवहार करेगी, तो आम जनता का भरोसा कैसे कायम रहेगा। इस तरह की घटनाएं न केवल पुलिस कप्तान की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि पूरे महकमे को कटघरे में खड़ा करती हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तराखंड पुलिस से जुड़े ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिसकर्मियों पर मारपीट, दुर्व्यवहार और गाली-गलौज के आरोप लगे हैं। बावजूद इसके, कथित तौर पर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से सख्त कार्रवाई न होने के कारण ऐसे कर्मियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
अब सवाल यह उठता है कि क्या इस मामले में उच्च अधिकारी संज्ञान लेंगे? क्या आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी, या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह दबा दिया जाएगा?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








