हरकी पैड़ी पहुंची ‘एक्स मुस्लिम पदयात्रा’, दर्जनों लोगों ने अपनाया हिंदू धर्म, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित घाट पर रविवार को एक विशेष पदयात्रा पहुंची, जिसमें शामिल कुछ लोगों ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने की घोषणा की। यह पदयात्रा 11 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गंगापुर बैराज से शुरू हुई थी और दो दिन की यात्रा के बाद 12 अप्रैल को हरिद्वार पहुंची।
पदयात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने हर की पैड़ी पर गंगा स्नान किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद हिंदू धर्म अपनाने की बात कही। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
पदयात्रा में शामिल इमरोज आलम, जो खुद को पूर्व मुस्लिम बताते हैं, ने कहा कि यह यात्रा उन लोगों के अधिकारों और संवैधानिक स्वतंत्रता को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई है, जो धर्म परिवर्तन या धर्म छोड़ने जैसे विषयों से जुड़े हैं। उनका कहना है कि भारत एक लोकतांत्रिक और संवैधानिक देश है, जहां प्रत्येक नागरिक को अपने विचार रखने और अपनी आस्था चुनने का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन समाज में कट्टरता और अतिवाद समाप्त होना चाहिए ताकि सभी लोग आपसी सम्मान के साथ रह सकें।
वहीं कुलदीप विद्यार्थी ने बताया कि इस पदयात्रा का उद्देश्य उन लोगों को एक मंच देना है, जो अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की विशेषता इसकी उदारता और लचीलापन है, जिसके चलते लोग इसे सहजता से स्वीकार करते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत में हर व्यक्ति को अपनी पसंद की विचारधारा और धर्म अपनाने की स्वतंत्रता है।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन की मौजूदगी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







