zomato डिलीवरी कर्मियों ने कंपनी पर लगाया शोषण का आरोप, कल सुबह से हरिद्वार में नहीं होगी zomato की फूड डिलीवरी, बोले कर्मी

-“15 मिनट में डिलीवरी का दबाव, परिवार के साथ समय नहीं”
खबर डोज, हरिद्वार। ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप ZOMATO के कर्मचारियों ने अब कंपनी पर शोषण का आरोप लगाया है। कंपनी की ओर से लगातार किए जा रहे शोषण को लेकर मंगलवार सुबह से पूरे क्षेत्र में डिलीवरी बंद कर देने का निर्णय लिया है। उन्होंने डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित के जरिए सीएम पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है।
प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ज्वालापुर क्षेत्र निवासी एक जोमैटो डिलीवरी बॉय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी कार्य परिस्थितियों को लेकर गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि कंपनी द्वारा 10 से 15 मिनट में डिलीवरी का दबाव बनाया जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।
पत्र के अनुसार, डिलीवरी पार्टनर ने बताया कि यदि ऑर्डर निर्धारित समय में नहीं पहुंचाया जाता तो वेतन में कटौती की जाती है या अन्य प्रकार का दबाव बनाया जाता है। उन्होंने यह भी लिखा कि तेज गति से वाहन चलाने का अप्रत्यक्ष दबाव रहता है, जिससे सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है।
शिकायतकर्ता ने उल्लेख किया कि दिन-रात लगातार काम करने के बावजूद आय स्थिर नहीं है और परिवार को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। उनका कहना है कि “हम भी परिवार वाले हैं, लेकिन कंपनी के नियमों के कारण बच्चों और परिजनों के साथ समय बिताना मुश्किल हो गया है।”
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने या सवाल उठाने पर आईडी ब्लॉक करने की धमकी दी जाती है। डिलीवरी कर्मी ने मांग की है कि सरकार इस विषय में हस्तक्षेप कर डिलीवरी समय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
उक्त प्रार्थना पत्र 20 फरवरी 2026 को प्रेषित किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि जोमैटो सहित अन्य ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों के कार्य नियमों की समीक्षा कर डिलीवरी बॉय के लिए सुरक्षित और मानवीय कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना होगा कि इस मामले में शासन स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं और डिलीवरी कर्मियों को राहत मिल पाती है या नहीं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







