महिला से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी गिरफ्तार, हरिद्वार से दबोचा गया

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध पौड़ी पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती के साथ दुष्कर्म करने और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को लैंसडाउन क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली लैंसडाउन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि डबरालस्यू निवासी राकेश मोहन ने उनकी पुत्री के साथ दुष्कर्म किया और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामला राजस्व क्षेत्र से संबंधित होने के कारण आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उपजिलाधिकारी लैंसडाउन से अपराध संख्या आवंटित कराई गई। इसके बाद कोतवाली लैंसडाउन में धारा 64(1), 351(3) एवं 127(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी ओर से महिला संबंधी अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रभावी जांच और आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रकरण की विवेचना महिला उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट को सौंपी गई। जांच के दौरान पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन किया गया। विवेचना में आरोपी राकेश मोहन की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 5 जून 2026 को आरोपी राकेश मोहन (44 वर्ष) निवासी डबरालस्यू, लैंसडाउन, जनपद पौड़ी गढ़वाल को जनपद हरिद्वार के सुल्तानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय रावत और कांस्टेबल गोपाल दास शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page