पिल्ला गैंग फिर सुर्खियों में, कोटद्वार के झंडाचौक की वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई, गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। झंडाचौक क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिल्ला गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। घटना देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीन युवक शराब के नशे में झंडा चौक पहुंचे और वहां मौजूद एक व्यक्ति, जो स्वयं भी नशे की हालत में था, के साथ मारपीट करने लगे। घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।

वायरल वीडियो के आधार पर बाजार चौकी पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद पुलिस ने पिल्ला गैंग से जुड़े तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में सागर पुत्र केदार सिंह (26 वर्ष), निवासी बडोला गली, कोटद्वार, मयंक कुमार पुत्र सुनील कुमार, निवासी बडोला गली, कोटद्वार तथा आदित्य कुमार पुत्र सुनील कुमार, निवासी बडोला गली, कोटद्वार शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में बाजार चौकी प्रभारी विनोद चपराना, हेड कांस्टेबल करण यादव और हेड कांस्टेबल ईश्वर चंद रजवार की प्रमुख भूमिका रही।

You cannot copy content of this page