वायरल वीडियो पर कार्रवाई: कनखल की पुष्पक गैस सर्विस को कारण बताओ नोटिस जारी, 2 दिन में मांगा जवाब

खबर डोज, हरिद्वार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पूर्ति विभाग ने कनखल स्थित मै. पुष्पक गैस सर्विस (भारत गैस) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पूर्ति निरीक्षक कनखल ने एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि वह दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में प्रस्तुत करे।
पूर्ति निरीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि व्हाट्सएप, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करीब 40 सेकंड का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वाहन संख्या UK08-CA-6013, जिस पर पुष्पक गैस एजेंसी, हरिद्वार (भारत गैस) लिखा हुआ है, दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति वाहन के अंदर खड़ा होकर गैस सिलेंडर के साथ छेड़छाड़ करता हुआ नजर आ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति वाहन चला रहा है।
वीडियो में यह भी देखा गया कि मौके पर मौजूद लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने पर वाहन चालक वाहन को लेकर वहां से निकल जाता है। इस घटना को विभाग ने गंभीर लापरवाही मानते हुए एजेंसी से जवाब तलब किया है।
पूर्ति निरीक्षक कनखल ने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित बैठकों, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य माध्यमों से गैस एजेंसियों को सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद इस तरह की गतिविधि सामने आना एजेंसी की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
विभाग ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि 02 दिन के भीतर अपना स्पष्ट स्पष्टीकरण जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय हरिद्वार में प्रस्तुत करें। यदि निर्धारित समय में जवाब प्राप्त नहीं होता है या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो एजेंसी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







