ADG अमित सिन्हा ने कोटीकालोनी चौकी का किया औचक निरीक्षण, आधुनिक और जनहितैषी पुलिसिंग पर जोर

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड में पुलिस व्यवस्था को मजबूत और जनहितैषी बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) एवं विशेष प्रमुख सचिव, खेल व युवा कल्याण अमित सिन्हा ने बुधवार को कोतवाली नई टिहरी क्षेत्र की कोटीकालोनी पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया।

यह निरीक्षण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में किया गया। उल्लेखनीय है कि ADG अमित सिन्हा द्वारा पूर्व में नई टिहरी कोतवाली को गोद लिया गया था, जिसके तहत पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की पहल की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान ADG सिन्हा ने चौकी की व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चौकी स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनसुलभ बनाया जाए। साथ ही जनसहभागिता को बढ़ावा देकर पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के तहत चौकी कोटीकालोनी में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, तकनीकी उन्नयन और जनहित में सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे। साथ ही इसे एक मॉडल पुलिस चौकी के रूप में विकसित करने की योजना है।
पुलिस विभाग का कहना है कि इस प्रकार की पहल को जनपद की अन्य पुलिस चौकियों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवाएं मिल सकें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह और प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्या पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







