हरिद्वार में LPG संकट के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय, होटल-धर्मशालाओं से PNG कनेक्शन लेने की अपील

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में एलपीजी गैस की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में होटल एसोसिएशन और धर्मशालाओं के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट ने होटल व्यवसायियों और धर्मशालाओं के संचालकों से अपील करते हुए कहा कि एलपीजी गैस की वर्तमान समस्या को देखते हुए सभी प्रतिष्ठान जल्द से जल्द पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन के लिए आवेदन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए यह कदम बेहद आवश्यक है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले ही सभी प्रतिष्ठानों को निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने पदाधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि वे आपसी बैठकों के माध्यम से इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक व्यापारी पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें।
नगर मजिस्ट्रेट ने पीएनजी प्रबंधन को निर्देश दिए कि जिन भी होटल, धर्मशालाएं और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन करें, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
साथ ही, इंडियन ऑयल और बीपीसीएल गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुसार एलपीजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें। इस दौरान के अधिकारी मयंक कुमार ने जानकारी दी कि वर्तमान में गैस एजेंसियों में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि होटल और धर्मशालाओं को अपनी पूर्व गैस खपत और संबंधित एजेंसी का विवरण उपलब्ध कराना होगा, ताकि उसी के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, बीपीसीएल के अश्वनी कुमार, पीएनजी प्रबंधक प्रांशु वालियान, धर्मशाला समिति के महेश गौड़ और बजट होटल एसोसिएशन के कुलदीप शर्मा सहित कई अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस पहल को आगामी यात्रा सीजन से पहले गैस आपूर्ति को सुचारु बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







