भूपतवाला में भीषण आग से तीन झोपड़ियां राख, बाल-बाल बचे लोग, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में कमल दास कुटिया के सामने मंगलवार देर शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर तीन झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए। झोपड़ियों में रखा सारा घरेलू सामान, कपड़े और जरूरी सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण चूल्हे पर खाना बनाते समय प्लास्टिक की पन्नी में आग लगना बताया जा रहा है, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास की झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। वहीं प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी रही।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें





कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, खाई में पेड़ पर अटकी कार से भाई-बहन को पुलिस ने सकुशल निकाला, देखिए वीडियो 

