अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का सख्त प्रहार: एसडीएम हरिद्वार ने 105 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग कराई ध्वस्त, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्यवाही निरंतर जारी है। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे “अतिक्रमण हटाओ अभियान” के तहत प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जितेंद्र कुमार उपजिलाधिकारी हरिद्वार ने राजस्व टीम के साथ पूरनपुर सल्लाहपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लगभग 105 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से काटे गए प्लॉटों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कराया। इसके साथ ही क्षेत्र के तीन चक्र मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी एवं कृषि भूमि पर अवैध कब्जा या प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि बिना वैध स्वीकृति के किसी भी प्रकार की भूमि खरीद-फरोख्त से पूर्व राजस्व अभिलेखों की जांच अवश्य कर लें।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी अवैध अतिक्रमण की सूची तैयार की जा रही है और शीघ्र ही वहां भी अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

You cannot copy content of this page