विधायक मदन कौशिक के बयान के बाद जनगणना 2027 को लेकर सियासत तेज, युवा कांग्रेस ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

खबर डोज, हरिद्वार। जनगणना 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक पर कई गंभीर आरोप लगाए।
कैश खुराना ने कहा कि भाजपा सरकार जनगणना के नाम पर आम लोगों की निजी जिंदगी में दखल दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनगणना के लिए तय किए गए 33 सवालों में ऐसे कई प्रश्न शामिल हैं, जो सीधे तौर पर लोगों की व्यक्तिगत जानकारी और जीवनशैली से जुड़े हैं। इससे आम नागरिकों की निजता प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि घर में उपलब्ध सुविधाएं, आय के स्रोत, वाहन, मोबाइल, इंटरनेट, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग जैसे सवाल पूछे जाना लोगों की निजी जानकारी एकत्र करने का प्रयास है। खुराना ने सवाल उठाया कि इन जानकारियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाएगा और इसकी सुरक्षा की क्या गारंटी है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विधायक मदन कौशिक पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर जनता को स्पष्ट जवाब दें और बताएं कि जनगणना के नाम पर इस तरह की जानकारी जुटाने की जरूरत क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस डेटा का दुरुपयोग कर सकती है।
उन्होंने मांग की कि जनगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और केवल आवश्यक व सीमित जानकारी ही एकत्र की जाए, ताकि लोगों की निजता का उल्लंघन न हो।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और कहा कि यदि जनगणना के नाम पर लोगों की निजी जानकारी से छेड़छाड़ की गई, तो पार्टी सड़क से सदन तक विरोध करेगी।
फिलहाल इस पूरे मामले पर विधायक मदन कौशिक या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








