ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के बीच ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने देर रात सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए भाग रहा था और पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।

जानकारी के अनुसार 16 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र स्थित पीली कोठी के पास एक संदिग्ध सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) के घूमने की सूचना मिली। सूचना पर चौकी हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कार चालक पुलिस को देखते ही तेज गति से हाईवे की ओर भाग निकला।

पुलिस द्वारा बैरियर पर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय स्लाइडिंग बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार की दिशा में फरार होने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और उच्च अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में घेराबंदी कर दी गई।

करीब एक किलोमीटर आगे कुआंवाला के पास आरोपी की कार हाईवे किनारे लगे एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान क्रान्तानाथ (26 वर्ष) निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जिला हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा।

घटनास्थल से पुलिस ने एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है, जबकि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज कर दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित था। इसके अलावा उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में पूर्व से ही मुकदमे दर्ज हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में कोतवाली डोईवाला में संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, विनय मित्तल, विजय थपलियाल, राजनारायण व्यास सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।

You cannot copy content of this page