यात्रियों की सुरक्षा पर फिर सवाल: कोटद्वार के लालबत्ती चौक पर सवारी वाहनों में खुलेआम जारी है ओवरलोडिंग खेल, जिम्मेदार मौन, वीडियो वायरल

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल लालबत्ती चौक पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहां सवारी वाहनों में निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को बैठाकर संचालन किया जा रहा है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं और अब तक कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह से लेकर शाम तक लालबत्ती चौक पर सवारी वाहनों की भीड़ लगी रहती है। चालक अधिक कमाई के लालच में वाहनों में तय संख्या से अधिक सवारियां भर लेते हैं। कई बार यात्रियों को दरवाजों पर लटकाकर या खड़े-खड़े सफर कराया जाता है, जो न केवल नियमों के खिलाफ है बल्कि यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ भी है।
यातायात के दबाव वाले इस चौक पर ओवरलोड वाहनों के कारण जाम की स्थिति भी बनी रहती है। पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार इस समस्या को लेकर शिकायतें की गईं, लेकिन न तो परिवहन विभाग और न ही यातायात पुलिस की ओर से कोई स्थायी कार्रवाई की गई।
नियमों के अनुसार सवारी वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना दंडनीय अपराध है, फिर भी खुलेआम नियमों का उल्लंघन हो रहा है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लालबत्ती चौक सहित पूरे शहर में सवारी वाहनों की नियमित जांच की जाए और ओवरलोडिंग करने वाले चालकों व वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







गणतंत्र दिवस समारोह में अनुशासन पर सवाल, उत्तराखंड के दो नए IPS अधिकारियों पर गिरी गाज, अभी से है यह हाल तो भविष्य में जिलों के चार्ज में कैसे दिखाएंगे कमाल