कोटद्वार में पुलिस टीम पर हमला, डीजे बंद कराने पर भड़के दो भाई, कोतवाल की गाड़ी फोड़ी, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। आमपड़ाव क्षेत्र में देर रात डीजे बजाने को लेकर हुआ विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया गया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका भाई अभी फरार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान आमपड़ाव के खुमरा बस्ती इलाके में कुछ युवक सड़क पर डीजे लगाकर नाच रहे थे, जिससे यातायात बाधित हो रहा था। मौके पर पहुंचे बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस टीम के साथ युवकों को समझाया कि वे सड़क खाली करें और डीजे को किनारे लगाकर कार्यक्रम करें।

पुलिस की समझाइश पर कुछ युवक वहां से हट गए, लेकिन दो सगे भाई आकिब उर्फ गबरू और शाहिद डीजे बंद करने को तैयार नहीं हुए। बताया जा रहा है कि बार-बार समझाने के बावजूद दोनों आक्रामक हो गए। इसी दौरान शाहिद ने अपने भाई आकिब को पुलिस पर हमला करने के लिए उकसाया।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने शाहिद को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा लिया। तभी आकिब लोहे का सरिया लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने वाहन के शीशों पर कई वार किए, जिससे शीशे टूट गए। वहीं, वाहन के अंदर बैठा शाहिद भी पुलिसकर्मियों से उलझ गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा।

हमले के दौरान पुलिस टीम ने बाहर निकलकर आकिब को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद कोतवाली पहुंचकर चौकी प्रभारी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी आकिब की तलाश में दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page