चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में बीडीएस और डॉग स्क्वॉड ने संवेदनशील स्थानों पर चलाया सघन चेकिंग अभियान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों के साथ-साथ बीडीएस और डॉग स्क्वॉड को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो। इसी क्रम में मंगलवार को विशेष अभियान चलाते हुए टीमों ने सबसे पहले बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर गहन तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद टीम अपर रोड, मोती बाजार होते हुए हर की पैड़ी पहुंची, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन आते हैं।

चेकिंग के दौरान बीडीएस टीम ने आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं, वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की। वहीं डॉग स्क्वॉड के प्रशिक्षित स्वानों ने भी पूरे क्षेत्र में सूंघकर हर गतिविधि पर नजर रखी। पुलिस की इस कार्रवाई से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में भी हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चारधाम यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता और श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

हरिद्वार पुलिस का यह अभियान स्पष्ट संकेत देता है कि चारधाम यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन कोई भी कसर नहीं छोड़ रहा है। आने वाले दिनों में इस तरह के चेकिंग अभियान और तेज किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।

You cannot copy content of this page