BHEL फाउंड्री गेट फायरिंग कांड का 8 घंटे में खुलासा, 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, यह बोले पुलिस कप्तान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने मात्र 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 तमंचे और 3 चाकू भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 की रात BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना में 22 अप्रैल को वादी हन्नी पुत्र टेक चंद निवासी आर्यनगर, ज्वालापुर ने तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि वह अपने दोस्त वंशु के साथ जा रहा था, तभी 8-10 युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज, मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली वंशु के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर ही 22 अप्रैल की रात को धीरवाली रोड स्थित भागोवाली मैदान से 3 आरोपियों और 2 विधि विवादित किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी फरहान और अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी के पास से एक-एक तमंचा 315 बोर व जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि सागर उर्फ पहाड़ी के पास से एक चाकू और दोनों नाबालिगों के पास से एक-एक चाकू बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका “BAAZ” नाम से सोशल मीडिया पर एक ग्रुप है, जिसके जरिए वे इलाके में अपना वर्चस्व बनाने के लिए लोगों को अवैध हथियारों से डराते-धमकाते हैं। आरोपियों ने बताया कि घायल वंशु पहले उनके खिलाफ दर्ज मामलों में गवाह था, इसी रंजिश के चलते उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में फरहान पुत्र फरमान निवासी कस्सावान ज्वालापुर, अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर, सागर उर्फ पहाड़ी निवासी सुभाषनगर ज्वालापुर तथा दो विधि विवादित किशोर शामिल हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, हेड कांस्टेबल विमल नेगी, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, कांस्टेबल सुमन डोभाल और कांस्टेबल राजपाल सिंह शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले तत्वों पर कड़ा संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

You cannot copy content of this page