नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को श्यामपुर पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज

खबर डोज, हरिद्वार। कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में एक 6 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ अशोभनीय हरकत और छेड़खानी के गंभीर मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के सख्त निर्देशों का परिणाम माना जा रहा है, जिसमें महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्काल एक्शन पर जोर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामपुर क्षेत्र के कांगड़ी निवासी एक व्यक्ति ने थाना श्यामपुर में तहरीर देकर बताया कि शिव कुमार बाबा नामक व्यक्ति ने उसकी 6 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अशोभनीय हरकत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष श्यामपुर द्वारा तत्काल एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सक्रिय मुखबिर तंत्र की सहायता से तेजी से कार्रवाई करते हुए दिनांक 23 अप्रैल 2026 को आरोपी शिव कुमार बाबा पुत्र बलबीर निवासी कांगड़ी को तिरछा पुल क्षेत्र से हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
SSP नवनीत सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हरिद्वार पुलिस महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस ने शिव कुमार बाबा पुत्र बलबीर निवासी कांगड़ी थाना श्यामपुर जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल, उपनिरीक्षक रचना पठानिया, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और भी मजबूत हुआ है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







