तिब्बती मार्केट हत्याकांड में दून पुलिस का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ के बाद शूटर और साथी गिरफ्तार, देखिए वीडियो

खबर डोज, देहरादून। देहरादून की तिब्बती मार्केट में हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मुख्य शूटर और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें घायल अवस्था में कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को आरोपियों की लोकेशन रायपुर क्षेत्र में मिली थी। देर रात लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट में हुई हत्या को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब हत्या के पीछे की साजिश, आपराधिक पृष्ठभूमि और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपियों की स्थिति तथा पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कही जा रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







