हरिद्वार पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर गिरफ्तार, 18 चोरी की बाइक बरामद

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई बाइक भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से कई वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से हरिद्वार और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। कोतवाली मंगलौर में साजिद निवासी बंदरटोल और नईम निवासी मोहल्ला किला मंगलौर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में गठित टीम ने ताबड़तोड़ जांच शुरू की। टीम ने करीब 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी एवं मैनुअल सर्विलांस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बेहद शातिर थे और पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपना हुलिया, कपड़े, मास्क और हेयर स्टाइल बदलते रहते थे। इसके बावजूद पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी।

24 जुलाई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पहले दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इसके बाद पूछताछ और निशानदेही के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस तरह कुल 18 मोटरसाइकिलें पुलिस ने बरामद कीं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने कोतवाली मंगलौर, थाना भगवानपुर, थाना झबरेड़ा, थाना कलियर, कोतवाली रुड़की सहित उत्तर प्रदेश के देवबंद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर तथा हरियाणा के पानीपत क्षेत्र से भी मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। अन्य जिलों से संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित पुलिस इकाइयों को भेजी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पैदल ही विभिन्न इलाकों में पहुंचते थे और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसीन पुत्र रईस और सोनू पुत्र अल्हादिया, दोनों निवासी ग्राम टांडा भनेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उपनिरीक्षक नितिन विष्ट, हेड कांस्टेबल श्यामबाबू, कांस्टेबल रणवीर, मनदीप, उत्तम सिंह, के.डी. राणा, मोहम्मद आमिर और महिपाल सिंह शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। चोरी की हर वारदात का खुलासा कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।

You cannot copy content of this page