श्यामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 35 लाख रुपये का चोरी हुआ 12 टायरा ट्रक चंद घंटों में बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी किए गए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को मुकदमा दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र की जंगल की झाड़ियों से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को कोतवाली श्यामपुर क्षेत्र में स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से एक 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। घटना के संबंध में कोतवाली श्यामपुर में मामला दर्ज किया गया था। ट्रक की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर श्यामपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश करते हुए 31 अगस्त 2026 को दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने ट्रक चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए ट्रक को गैण्डीखाता क्षेत्र में जंगल स्थित गुर्जर बस्ती की ओर छिपाकर रखा गया है। इसके बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास घनी जंगली झाड़ियों के बीच से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक बरामद कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी। हालांकि पुलिस ने मौके पर ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया, जो चोरी हुए ट्रक से संबंधित पाया गया। इस तरह पुलिस ने चोरी हुए वाहन को बरामद कर मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।

बरामदगी की पूरी कार्रवाई के दौरान बीएनएसएस की धारा 105 के प्रावधानों का पालन करते हुए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी भी कराई गई। वाहन की बरामदगी के बाद मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहजाद परवेज पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 38 वर्ष और हबीब खां पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, थाना नजीबाबाद, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश, उम्र 55 वर्ष के रूप में की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाल रंग का 12 टायरा ओपन बॉडी ट्रक बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, उपनिरीक्षक मनोज रावत, चौकी प्रभारी लालढांग गगन मैठाणी, चौकी प्रभारी चंडीघाट देवेन्द्र तोमर, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड़, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, कांस्टेबल राहुल देव, संदीप रावत, मनमोहन सैनी, विनीत कुमार और एसओजी हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ अपराध से संबंधित संपत्ति की त्वरित बरामदगी कर पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। श्यामपुर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल चोरी हुए वाहन की बरामदगी हुई, बल्कि आरोपियों तक पहुंचकर मामले की जांच को भी आगे बढ़ाया गया है।

You cannot copy content of this page