बारिश में उफान पर कोटद्वार की कोल्हू नदी, मां और बच्चा बहे, बच्चे को बचाया, लापता मां की तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें, देखिए वीडियो

खबर डोज, कोटद्वार। लगातार हो रही बारिश के चलते कोटद्वार क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। मंगलवार को सनेह क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बहाव वाली कोल्हू नदी में एक महिला और उसका बच्चा बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्चे को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन महिला तेज बहाव में बहकर लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता महिला की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। नदी में तेज बहाव और लगातार बारिश के बीच टीमें महिला को खोजने में जुटी हुई हैं।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को सनेह क्षेत्र में कोल्हू नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। इसी दौरान महिला अपने बच्चे के साथ नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। दोनों के बहने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव का प्रयास किया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने नदी के आसपास संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। तेज बारिश और नदी के बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीमों को भी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि महिला की तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। महिला का अभी तक पता नहीं चल सका है।
लगातार बारिश के कारण कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






