भगवानपुर दोहरी मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

ख़बर शेयर करें -



खबर डोज, हरिद्वार। थाना भगवानपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के उपरांत हुए गंभीर विवाद में दो व्यक्तियों की मृत्यु के मामले में एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी विभागीय कार्रवाई की है। लापरवाही सामने आने पर चौकी प्रभारी तेज्जुपुर सहित एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
घटना 01 फरवरी 2026 की है, जब ग्राम बिनारसी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गोलीबारी और मारपीट की इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई। जांच रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा घटना की सूचना मिलने के बावजूद न तो तत्काल मौके पर पहुंचा गया और न ही समय रहते उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इस लापरवाही को ड्यूटी में गंभीर चूक मानते हुए एसएसपी ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का कर्तव्य है कि ऐसी संवेदनशील घटनाओं में त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जाए, ताकि जनहानि को रोका जा सके।
फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। वहीं, निलंबन की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है और सभी थानों को सतर्कता बरतने तथा त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

You cannot copy content of this page