भक्तोवाली में अवैध मजार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने किया ध्वस्तीकरण, देखिए वीडियो
खबर डोज, हरिद्वार। सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने झबरेड़ा क्षेत्र में एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ के निर्देशन में की गई।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार भक्तोवाली – झबरेड़ा – सहारनपुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की भूमि पर एक मजार का निर्माण किया गया था, जिसे अवैध पाया गया। मामले में संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि के भीतर कोई संतोषजनक जवाब या दावा-आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई।

अपर तहसीलदार रुड़की शुभांगिनी ने बताया कि नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद पुनः सूचना दी गई, किंतु फिर भी किसी प्रकार की आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बुधवार को राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की।
मौके पर कानूनगो सुभाष जैमिनी, थाना झबरेड़ा प्रभारी दक्ष शोखंड, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता दीपा सिंह सहित राजस्व, पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







