मानवता की मिसाल बने कोटद्वार कोतवाली के कांस्टेबल परमजीत सिंह, दुर्लभ 0-नेगेटिव रक्तदान कर बचाई बुजुर्ग मरीज की जान

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड मित्र पुलिस के जवान एक बार फिर मानवता और सेवा भावना की मिसाल बनकर सामने आए हैं। बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती किडनी रोग से पीड़ित बुजुर्ग मरीज सुरेंद्र अग्रवाल को उपचार के दौरान अत्यंत दुर्लभ ओ-नेगेटिव रक्त की तत्काल आवश्यकता थी। परिजनों द्वारा काफी प्रयास किए जाने के बावजूद समय पर रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।

इसी दौरान नियमित रक्तदाता एवं उत्तराखंड मित्र पुलिस थाना कोटद्वार में कांस्टेबल के पद पर तैनात सरदार परमजीत सिंह को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना किसी देरी के अपना कर्तव्य निभाते हुए ब्लड बैंक पहुंचकर एक यूनिट ओ-नेगेटिव रक्तदान किया।

परमजीत सिंह के इस सराहनीय कार्य से मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सका और परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने रक्तदाता परमजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से जरूरत के समय मरीज को जीवनदायिनी सहायता मिल सकी।

गौरतलब है कि परमजीत सिंह नियमित रूप से रक्तदान करते हैं और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उनका यह कार्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल भी प्रस्तुत करता है।

You cannot copy content of this page