भगवानपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: 12 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ 3 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें हरिद्वार के अलावा हिमाचल प्रदेश से चोरी किया गया वाहन भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को करौंदी निवासी मतलूब ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UK17F-4899 चोरी होने की शिकायत भगवानपुर कोतवाली में दर्ज कराई थी। इसके बाद 10 जून 2026 को सिकंदरपुर भैंसवाल निवासी अहसान ने मोटरसाइकिल संख्या UP11BQ-7714 चोरी होने की तहरीर दी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे वाहन चोरों का सत्यापन और पूछताछ भी की गई। पुलिस टीम ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर समेत सीमावर्ती जिलों के थानों और जेलों से भी सूचनाएं जुटाईं।

11 जून 2026 को खेलपुर रोड से खानपुर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर भगवानपुर क्षेत्र से चोरी हुई दोनों मोटरसाइकिलों सहित कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

बरामद वाहनों में पिरान कलियर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल तथा हिमाचल प्रदेश के बद्दी जिले से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सैनी पुत्र सतपाल निवासी अम्बेहटी थाना नकुड़, सहारनपुर, कुलदीप कुमार पुत्र भूल्लन निवासी दादनौर थाना नकुड़, सहारनपुर तथा मुनव्वर पुत्र बसीर निवासी कुण्डाकला थाना गंगोह, सहारनपुर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सैनी के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कुलदीप कुमार के खिलाफ भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। तीसरे आरोपी मुनव्वर का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में अपराध कर बच निकलना अब आसान नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस सफलता में कोतवाली प्रभारी रितेश शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक मुकेश नौटियाल, आशीष नेगी, नीरज रावत, सुनीत दत्त, बालाराम जोशी, हेड कांस्टेबल गीतम सिंह, कांस्टेबल सचिन तोमर, रविन्द्र राणा, उवैद, सुशील तोमर, हेड कांस्टेबल निर्मल जोशी तथा विनय थपलियाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You cannot copy content of this page