सिडकुल में जानलेवा हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। थाना सिडकुल क्षेत्र में लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को तलाई तल्ली, जिला पौड़ी गढ़वाल निवासी सचिन (वर्तमान निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर, थाना सिडकुल) की तहरीर पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 231/2026 दर्ज किया गया था।

वादी ने आरोप लगाया था कि विशाल समेत 9 से 10 लोगों ने एकजुट होकर उसके भाई, जीजा और मित्र पर लाठी-डंडों एवं तलवारों से हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निर्देशों के क्रम में थाना सिडकुल पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 12 जून 2026 को घटना में शामिल एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक पुत्र पप्पू निवासी ग्राम हेतमपुर, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आरोपी को शरण या संरक्षण देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल संजय सिंह एवं हेड कांस्टेबल जितेंद्र मलिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

You cannot copy content of this page