कोल्हू नदी के तेज बहाव में बही मां-बेटी का शव पुलिस और एसडीआरएफ ने किया बरामद

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कोल्हू नदी के तेज बहाव में बहने से एक महिला और उसकी एक वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद SDRF की टीम ने तलाश अभियान चलाया, जिसके कुछ ही समय बाद दोनों के शव नदी में करीब एक किलोमीटर आगे बरामद कर लिए गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के मुताबिक सद्दाम पुत्र रोशनदीन, निवासी सिगड्डी जंगल, कोटद्वार, अपनी पत्नी जेनम (23 वर्ष) और एक वर्षीय पुत्री शहजादी उर्फ आफिया के साथ ग्राम कोटकादार, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर स्थित अपनी बहन की ससुराल गया था।
मंगलवार को परिवार मोटरसाइकिल से ग्राम कोटकादार से वापस लौट रहा था। इसी दौरान कोल्हू नदी में तेज बहाव के बीच मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सद्दाम की पत्नी जेनम तथा उनकी एक वर्षीय बेटी शहजादी उर्फ आफिया नदी के तेज बहाव में बह गईं।
सद्दाम किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने कुछ ही समय बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे नदी में जेनम और मासूम शहजादी उर्फ आफिया के शव बरामद कर लिए।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस और SDRF की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर बरसात के दौरान उफान पर आने वाली नदियों और बरसाती नालों के आसपास आवागमन को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






