हरिद्वार में गैस डिलीवरी कर्मी से रंगदारी मांगने का मामला, महिला पत्रकार समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद के कनखल थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर डिलीवरी करने वाले एक कर्मी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृत कुमार नामक युवक पुष्पक गैस सर्विस में डिलीवरी का कार्य करता है। 27 मार्च 2026 को वह अपने वाहन से गैस सिलेंडर पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन लोगों ने, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, उसे रोक लिया।
आरोप है कि उक्त व्यक्तियों ने पहले वाहन की चाबी निकाल ली और गैस सिलेंडर का वजन जांचने के नाम पर बहाना बनाया। जब पीड़ित ने उनका परिचय पूछा, तो उन्होंने खुद को पत्रकार बताते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। पीड़ित द्वारा उच्च अधिकारियों को बुलाने की बात कहने के बाद वह वहां से चला गया।
शिकायत में आगे बताया गया है कि बाद में वही तीनों आरोपी गैस एजेंसी के कार्यालय पहुंचे और अमृत कुमार से करीब दो लाख रुपये की मांग करने लगे। पीड़ित द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर उसने पूरे मामले की जानकारी अपने कार्यालय और संबंधित अधिकारियों को दी।
पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर एक महिला समेत तीन पत्रकारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







