सिडकुल में नाबालिग युवतियों से जुड़ा मामला, प्लांट हेड पर लगे गंभीर आरोप, प्लांट हेड गिरफ्तार, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र स्थित एक नामी कंपनी में नाबालिग युवतियों से जुड़े गंभीर मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्लांट हेड को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में काम करने वाली कुछ महिलाओं/युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य लोगों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा और उनसे काम कराया।
पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया कि 24 मार्च को उन्हें कंपनी कार्यालय में बुलाकर उनकी तलाशी ली गई और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि युवतियों के दुपट्टे निकालकर जबरन उनके हाथ-पांव बांधे गए, मारपीट की गई और उन्हें बेइज्जत किया गया। साथ ही उन पर चोरी कबूलने का दबाव बनाया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान 26 मार्च को मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। उसके मोबाइल फोन की जांच में घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुए, जिसमें पीड़िताओं के साथ कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने के दृश्य मिले।
इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया कि पीड़िताओं के दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर उनकी उम्र बढ़ाई गई थी। नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक कार्य कराए जा रहे थे, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा (42 वर्ष), पुत्र महिपाल शर्मा, निवासी रामपुर जेवर (गौतम बुद्ध नगर, नोएडा) हाल निवासी पीठ बाजार, बहादराबाद को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पीड़िताओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को गंभीर मामलों में तत्परता का उदाहरण माना जा रहा है।

You cannot copy content of this page