श्रीनगर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़, मामला दर्ज, अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर, यह बोले पुलिस कप्तान, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी के श्रीनगर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाली श्रीनगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, कुछ शरारती तत्वों द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर गोपनीय पूछताछ भी की जा रही है, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान की जा सके।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित संदिग्धों पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, फोटो या वीडियो हो तो तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों को लेकर भी चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

You cannot copy content of this page