सीएम धामी ने प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर की बातचीत, दलेर मेहंदी के विषय पर हुई चर्चा, प्रदेश में सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत: बोले सीएम

ख़बर शेयर करें -

–देवभूमि उत्तराखंड में सभी कलाकारों का हृदय से स्वागत और सम्मान, ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का किया उल्लेख

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से दूरभाष पर बातचीत की। इस दौरान प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी से जुड़े विषय पर चर्चा हुई। बातचीत में किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द के माध्यम से दूर करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि किसी भी विषय को लेकर उत्पन्न होने वाली गलतफहमियों का समाधान आपसी बातचीत, समझदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। संवाद के माध्यम से आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और अतिथि सत्कार की भावना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की महान परंपरा का संवाहक है। प्रदेश में सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान किया जाता है।

उत्तराखंड अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ अतिथियों के प्रति आत्मीयता के लिए भी जाना जाता है। प्रदेश में कला, संगीत और संस्कृति से जुड़े लोगों का सम्मान करना यहां की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

मुख्यमंत्री धामी और मीका सिंह के बीच हुई इस बातचीत के जरिए आपसी संवाद, सम्मान और सौहार्द के माध्यम से गलतफहमियों को दूर करने का संदेश दिया गया।

You cannot copy content of this page