गुमखाल-द्वारीखाल मार्ग पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, चार लोग घायल
–मतगांव के पास हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला
खबर डोज, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल जनपद में गुमखाल-द्वारीखाल मार्ग पर मतगांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में चारों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार सवारों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 को थाने में सूचना मिली कि गुमखाल से द्वारीखाल की ओर जा रही एक कार मतगांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाने और गुमखाल चौकी से पुलिस बल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
दुर्घटनाग्रस्त कार टाटा टियागो थी, जिसका पंजीकरण नंबर UK15D 4626 बताया गया है। कार में कोटद्वार निवासी चार लोग सवार थे। इनमें गिरीश चंद्र पुत्र दाताराम और सुरेश कंडवाल पुत्र रमेश चंद्र, निवासी शतिचौड़, कोटद्वार, संतोष ध्यानी पुत्र सत्येंद्र प्रसाद, निवासी देवरामपुर, कोटद्वार तथा प्रमोद कुमार पुत्र देव सिंह, निवासी लालपुर, कोटद्वार शामिल थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य करते हुए चारों को कार से बाहर निकाला। दुर्घटना में सभी को सामान्य चोटें आईं। इसके बाद उन्हें गुमखाल स्थित बंगाली चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों की स्थिति सामान्य होने पर उन्हें उनके घर कोटद्वार के लिए रवाना कर दिया गया।
स्टीयरिंग लॉक होने से हादसे की आशंका
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, कार चालक ने दुर्घटना का कारण स्टीयरिंग लॉक होना बताया है। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में किसी की गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









राजाजी टाइगर रिजर्व के बिल्केश्वर जंगल में मादा हथनी की मौत, पार्क प्रशासन में मचा हड़कंप