देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मर्डर केस पर सीएम धामी सख्त, आबकारी और पुलिस विभाग के दो अधिकारी निलंबित

खबर डोज, देहरादून। राजधानी देहरादून में हाल ही में सामने आए रिटायर्ड ब्रिगेडियर हत्याकांड ने शासन-प्रशासन को हिला कर रख दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया है और कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उप आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-3 मसूरी) सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई मामले में लापरवाही और क्षेत्र में बढ़ती अवैध गतिविधियों को लेकर की गई मानी जा रही है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि पूरे राज्य में व्यापक जांच अभियान चलाया जाए और सभी अवांछित व उपद्रवी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर होने वाले झगड़े (रोड रेज), गोलीबारी की घटनाएं और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए।
मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







