पौड़ी समेत सात जिलों में बदले सीएमओ, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए तबादला आदेश

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए सात जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) के तबादले कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय की ओर से जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों में नए सीएमओ की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक अल्मोड़ा में डॉ. योगेश पुरोहित, नैनीताल में डॉ. रश्मि पंत, पिथौरागढ़ में डॉ. हरीश चन्द्र पंत, पौड़ी गढ़वाल में डॉ. मेघना असवाल, रुद्रप्रयाग में डॉ. अमित कुमार शुक्ला, टिहरी गढ़वाल में डॉ. राम प्रकाश तथा उत्तरकाशी में डॉ. श्याम विजय को मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सीएमओ अपने-अपने जनपदों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में समय-समय पर स्वास्थ्य सेवाओं में कमी और संसाधनों के अभाव की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसी उद्देश्य के तहत विभाग लगातार सुधारात्मक कदम उठा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






हंगामेदार रहा हरिद्वार में चला व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान, हटाए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण, देखिए वीडियो 