NUJ (I) उत्तराखंड में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, नरेश गुप्ता आजीवन निष्कासित, विकास झा बने कार्यवाहक जिलाध्यक्ष

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) (NUJ (I)) उत्तराखंड इकाई में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया गया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे द्वारा जारी आदेश के अनुसार हरिद्वार जिला अध्यक्ष नरेश गुप्ता को संगठन विरोधी गतिविधियों एवं संदिग्ध कार्यकलापों के आरोपों के चलते संगठन की प्राथमिक सदस्यता से आजीवन निष्कासित कर दिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में कहा कि संगठन की गरिमा, अनुशासन और एकता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर संगठन के हितों के विपरीत कार्य करने अथवा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में नरेश गुप्ता के खिलाफ यह कठोर कार्रवाई की गई है।

संगठन की जिला इकाई के कार्यों को प्रभावित होने से बचाने और गतिविधियों के सुचारु संचालन के उद्देश्य से विकास झा को हरिद्वार जिले का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्हें आगामी आदेश तक जिले में संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा संगठन को मजबूती प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे ने कहा कि एनयूजे (आई) उत्तराखंड पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन हमेशा पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता, संगठन विरोधी गतिविधियों और संगठन की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और पत्रकार साथियों से संगठन के नियमों, सिद्धांतों और मूल्यों का पालन करते हुए एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही उम्मीद जताई कि नए नेतृत्व में हरिद्वार इकाई संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकार हितों की लड़ाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्य करेगी।

You cannot copy content of this page