प्राकृतिक मार्गदर्शकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, युवाओं को वितरित किए गए प्रमाणपत्र

ख़बर शेयर करें -


खबर डोज, कालागढ़। कालागढ़ टाइगर रिज़र्व के सोनानदी उप-प्रभाग में आयोजित प्राकृतिक मार्गदर्शकों (नेचुरलिस्ट) के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस अवसर पर उप-प्रभागीय वनाधिकारी सोनानदी अनामिका बुकरवाल ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

समापन कार्यक्रम के दौरान उप-प्रभागीय वनाधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक मार्गदर्शक वन संरक्षण, वन्यजीव जागरूकता और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को वन नियमों, वन्यजीवों के संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

एसडीओ सोनानदी ने कहा कि प्रशिक्षित नेचुरलिस्ट न केवल पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों की जानकारी देंगे, बल्कि वन विभाग और आमजन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में भी कार्य करेंगे। इससे वन संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, जंगल सफारी के दौरान आचार संहिता, पर्यटकों की सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले युवाओं ने भी वन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए संरक्षण कार्यों में सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सोनानदी उप-प्रभाग, कालागढ़ टाइगर रिज़र्व प्रभाग लैंसडौन के वन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page