वार्ड में पथ प्रकाश व्यवस्था को लेकर नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी, पार्षद हिमांशु गुप्ता ने समर्थकों संग की तालाबंदी, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार के वार्ड संख्या 8 में लंबे समय से बनी पथ प्रकाश व्यवस्था की समस्या को लेकर गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई। वार्ड 8 के पार्षद हिमांशु गुप्ता (गौ घाट) ने समर्थकों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर तालाबंदी कर दी और क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग उठाई।
पार्षद हिमांशु गुप्ता का आरोप है कि वार्ड में लंबे समय से पथ प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को रात के समय भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार नगर निगम के अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी निगम की टीम क्षेत्र में पहुंचती है तो कभी सीढ़ी उपलब्ध नहीं होती, तो कभी आवश्यक सामान और उपकरणों की कमी का हवाला देकर कार्य अधूरा छोड़ दिया जाता है। इससे वार्डवासियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
पथ प्रकाश व्यवस्था को लेकर नाराज पार्षद और उनके समर्थकों ने नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। कुछ समय के लिए कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रदर्शन के दौरान पार्षद हिमांशु गुप्ता ने कहा कि यदि शीघ्र ही वार्ड में सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं किया गया और पथ प्रकाश व्यवस्था को सुचारू नहीं बनाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस मौके पर कांग्रेस नेता कैश खुराना, मुरली मनोहर, राजीव भार्गव, रोहित सेठी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से वार्ड 8 की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की मांग की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







