राहुल गांधी के पौड़ी दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, एसएसपी सर्वेश पंवार ने पुलिस बल को किया ब्रीफ

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, पौड़ी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित पौड़ी दौरे को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में पुलिस लाइन पौड़ी के सभागार में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस, पीएसी, अग्निशमन एवं अन्य सहयोगी इकाइयों के अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।


ब्रीफिंग की अध्यक्षता सर्वेश पंवार ने की। इस दौरान 40वीं वाहिनी पीएसी के उप सेनानायक जोध राम जोशी, क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेन्द्र सिंह खाती सहित पुलिस, पीएसी एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने कार्यक्रम की समस्त सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए वीवीआईपी सुरक्षा, आगमन एवं प्रस्थान व्यवस्था, हेलीपैड सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल की निगरानी, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचने तथा पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।


ब्रीफिंग के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने हेलीपैड एवं कार्यक्रम स्थल के चारों ओर लगभग 200 मीटर क्षेत्र को “नो-फ्लाइंग जोन” घोषित किया है। इस प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन, कैमरा ड्रोन अथवा अन्य उड़ान उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

You cannot copy content of this page