देहरादून: RTE फीस प्रतिपूर्ति में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, दो अधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, देहरादून। देहरादून में शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत फीस प्रतिपूर्ति के नाम पर रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सतर्कता विभाग को मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए देहरादून सतर्कता टीम ने गोपनीय जांच शुरू की। आरोपों की पुष्टि होने के बाद ट्रैप (जाल) बिछाने की योजना बनाई गई।

नियोजित कार्रवाई के तहत विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और उनकी सहयोगी पुष्पांजलि को शिकायतकर्ता से 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए हिरासत में ले लिया गया है। विजिलेंस टीम अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है कि अवैध वसूली करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

You cannot copy content of this page