उपलब्धियों और विकास कार्यों से सशक्त बना प्रेस क्लब हरिद्वार का कार्यकाल: धर्मेंद्र चौधरी

खबर डोज, हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार का बीता कार्यकाल अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा के नेतृत्व में उपलब्धियों, नवाचार और पत्रकार हितों के संरक्षण के लिए यादगार रहा। इस दौरान न केवल वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान किया गया, बल्कि कई स्थायी और जनहितकारी कार्यों को भी सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया।
पत्रकारों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रेस क्लब परिसर में 11 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया, जिससे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वहीं जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए पानी की भंडारण क्षमता 2000 लीटर से बढ़ाकर 6000 लीटर की गई और सबमर्सिबल वाटर कूलर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

प्रेस क्लब के सौंदर्यकरण और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। भवन में नई सीढ़ियों का निर्माण, छत पर स्टील रेलिंग, पुस्तकालय भवन का रंग-रोगन, वाई-फाई, कंप्यूटर और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से क्लब को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया। इसके अलावा मूर्ति पर माल्यार्पण के लिए विशेष सीढ़ियों का निर्माण भी कराया गया।
वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान में सभागार में फोटो गैलरी स्थापित की गई, जो पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास को दर्शाती है। साथ ही पत्रकारों के मेधावी बच्चों के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश हेतु 20 हजार से 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का सराहनीय निर्णय लिया गया। जरूरतमंद पत्रकारों को पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई गई।
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी प्रेस क्लब की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। बद्रीनाथ धाम यात्रा, “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम, हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष आयोजन, स्वास्थ्य शिविर, ट्रैक सूट और हेलमेट वितरण जैसे कार्यक्रम इस कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर पत्रकारों को नए दृष्टिकोण और अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रमुख पर्वों पर सदस्यों को उपहार देने की परंपरा भी शुरू की गई, जिससे आपसी सौहार्द और एकता को बढ़ावा मिला।
अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि वरिष्ठों के मार्गदर्शन और सहयोग से पत्रकारों के हितों में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और प्रेस क्लब हरिद्वार को एक सशक्त, जागरूक और अनुशासित मंच के रूप में विकसित करने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







