बागेश्वर में होटल से विस्फोटक सामग्री बरामद, 104 जिलेटिन रॉड्स के साथ मालिक गिरफ्तार, कप्तान ने किया खुलासा

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, बागेश्वर। जिले के कपकोट क्षेत्र से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां लीती गांव स्थित एक होटल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कपकोट के लीती गांव में स्थित एक होटल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान होटल परिसर से 104 संदिग्ध जिलेटिन रॉड्स बरामद की गईं। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल मालिक पान सिंह (52) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह जिलेटिन रॉड्स सड़क निर्माण कार्य के दौरान बची हुई सामग्री थी, जिसे उसने अपने पास रख लिया था। हालांकि, पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग ‘मौली’ को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने होटल और उसके आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया, ताकि किसी अन्य संदिग्ध सामग्री की पुष्टि की जा सके।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद विस्फोटक करीब 15 साल पुराना जिलेटिन है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे विधिक प्रक्रिया के तहत जल्द ही नष्ट किया जाएगा। साथ ही, इस मामले में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की भी तलाश की जा रही है।

एसपी बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 104 जिलेटिन रॉड्स बरामद हुई हैं। प्रथम दृष्टया यह सामग्री पुरानी है, लेकिन बिना अनुमति इसे रखना गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5 और बीएनएस की धारा 288 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस विस्फोटक सामग्री का उपयोग कहीं और तो नहीं किया जाना था या इसके पीछे कोई और साजिश तो नहीं है।

You cannot copy content of this page