एम्स ऋषिकेश की महिला कर्मचारी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या, पौड़ी जिले की निवासी है कर्मचारी, देखिए वीडियो

खबर डोज, देहरादून। एम्स ऋषिकेश की एक महिला कर्मचारी की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र की है, जहां शनिवार देर रात एक अज्ञात युवक ने घर में घुसकर महिला को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान प्रीति (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से यमकेश्वर क्षेत्र की रहने वाली थी और वर्तमान में ऋषिकेश के शिवाजी नगर में रहकर एम्स ऋषिकेश में आउटसोर्स अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि प्रीति तलाकशुदा थी। उसका 8 वर्षीय बेटा गांव में नाना के साथ रहता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक संदिग्ध युवक ने प्रीति के घर में घुसकर उस पर गोली चला दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




देहरादून डीएम सविन बंसल के खिलाफ सीएम से शिकायत, महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप 

