राज्य स्थापना दिवस के बाद पहली बार दुगड्डा में हुए व्यापार मंडल चुनाव, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष ने ली शपथ

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड के जिला पौड़ी गढ़वाल की नगर इकाई दुगड्डा के हुए चुनाव के बाद शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के बाद पहली बार हुए चुनाव के बाद शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष को शपथ दिलाई गई। इस दौरान व्यापार मंडल की जिला कार्यकारिणी के साथ- साथ कोटद्वार व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


सामुदायिक मिलन केंद्र आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी विष्णु अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दुगड्डा भावना चौहान, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की जिला कार्यकारिणी, दुगड्डा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी और कोटद्वार व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष जय प्रकाश डबराल, सचिव नितेश ठाकुर और कोषाध्यक्ष दिव्यांशु अग्रवाल ने शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष जय प्रकाश डबराल ने कहा कि व्यापारियों को एकजुट करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। कहा कि व्यापारियों की व्यापार संबंधी समस्याओं का प्रमुखता से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है कि यदि किसी व्यापारी को किसी प्रकार की समस्या हो, वह सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।

मुख्य अतिथि समाज सेवी विष्णु अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद पहली बार दुगड्डा क्षेत्र में चुनाव हुए हैं। पहले व्यापार मंडल की छोटी इकाई होती थी, अब प्रांतीय कार्यकारिणी से जुड़ने के बाद दुगड्डा कार्यकारिणी भी एक बड़ी इकाई हो गई है। कहा कि बड़ी इकाई होने से व्यापारी मजबूत होगा और व्यापार में आने वाली परेशानियों को आसानी से दूर किया जा सकेगा।

कोटद्वार व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीन भाटिया ने दुगड्डा इकाई की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि दुगड्डा में चुनाव के बाद आसानी से व्यापारियों की समस्याओं का निस्तारण हो सकेगा। दुगड्डा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में सभी युवा पदाधिकारी है, जो मजबूती से व्यापारी हित में कार्य कर सकेगी। व्यापार को मजबूत करने में व्यापार मंडल सहायक होता है।

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने कहा कि दुगड्डा इकाई के चुनाव बीती 22 सितंबर को संपन्न हुए हैं। जल्द ही जिले में अलग अलग इकाइयों का गठन कर व्यापारियों को मजबूत किया जा रहा है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, महामंत्री लाजपत राय भाटिया, सेवक मानूजा, दिनेश एलावादी,कोटद्वार व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीन भाटिया, उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, जितेंद्र भाटिया, रफ्फन चौधरी आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page