हरिद्वार: बिना सत्यापन चल रहे ई-रिक्शा पर बड़ा एक्शन, पहले दिन 50 वाहन सीज

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए ई-रिक्शा के खिलाफ बड़ा प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर अभियान के पहले ही दिन बिना सत्यापन संचालित हो रहे 50 ई-रिक्शा को सीज (जब्त) किया गया।
प्रशासन के अनुसार, जिला सड़क सुरक्षा समिति की निगरानी में ई-रिक्शा स्वामियों और चालकों का अनिवार्य सत्यापन कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत वाहन स्वामी और चालक दोनों का पुलिस सत्यापन किया जाता है। सत्यापन पूरा होने के बाद ई-रिक्शा पर रूट के आधार पर रंग-कोडित क्यूआर स्टिकर लगाए जा रहे हैं, जबकि चालकों को क्यूआर आधारित पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ई-रिक्शा सत्यापन की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई थी। समयसीमा समाप्त होने के बाद 1 अप्रैल से सघन प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया गया है, जो आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने सभी ई-रिक्शा स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना सत्यापन कार्य पूरा कराएं। यह प्रक्रिया एआरटीओ कार्यालय में निरंतर जारी है।
अभियान के दौरान एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा, परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मनीषा शाह और परिवहन उप निरीक्षक अश्वनी कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







