हरिद्वार निगम की सख्ती: अवैध मीट की दुकानों पर सख्ती, 40 से अधिक विक्रेताओं की सूची खाद्य सुरक्षा विभाग को सौंपी

खबर डोज, हरिद्वार। शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य मानकों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने ज्वालापुर क्षेत्र में विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान मीट विक्रेताओं के लाइसेंस और स्वच्छता मानकों की गहन जांच की गई, जिसमें 40 से अधिक ऐसे विक्रेता चिन्हित किए गए जिनके पास खाद्य सुरक्षा विभाग का वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
नगर निगम की ओर से निर्धारित प्रारूप के तहत बीते माह सभी संदिग्ध प्रतिष्ठानों का विधिवत सर्वेक्षण कराया गया। यह कार्रवाई मुख्य सफाई निरीक्षक विकास छाछर, विकास चौधरी तथा सफाई निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान लाइसेंस, साफ-सफाई की स्थिति, कचरा निस्तारण और मांस भंडारण की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
सर्वेक्षण रिपोर्ट तैयार होने के बाद नगर निगम कार्यालय ने औपचारिक रूप से खाद्य सुरक्षा विभाग को पत्र प्रेषित कर 40 से अधिक मीट विक्रेताओं की सूची उपलब्ध कराई। पत्र में अनुरोध किया गया है कि जिन दुकानों के पास वैध खाद्य लाइसेंस नहीं है, उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध संचालन करने वाले व्यापारियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि नियमित निरीक्षण और विभागीय समन्वय से ही शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







